अरावली बचाओ जन-जागरण रैली निकाली:कांग्रेस ने मनरेगा व पर्यावरण संरक्षण पर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

बारां में कांग्रेस ने अरावली बचाओ जन आंदोलन के तहत जन-जागरण रैली का आयोजन किया। रविवार को हुई इस रैली का उद्देश्य अरावली पर्वतमाला के संरक्षण और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर करने के प्रयासों के विरोध में जनता को जागरूक करना था। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस भी मनाया गया। जिला कांग्रेस कमेटी बारां द्वारा आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली श्रीजी का चौक, चामुखा बाजार, सर्राफा बाजार, सदर बाजार, धर्मादा चौराहा और प्रताप चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम स्टेडियम पहुंची। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली को संबोधित करते हुए अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने कहा कि अरावली पर्वतमाला केवल राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि प्रदेश की जीवनरेखा है। उन्होंने बताया कि यह रेगिस्तान के विस्तार को रोकने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और धूलभरी आंधियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। भाया ने चेतावनी दी कि अरावली से छेड़छाड़ प्रदेश के भविष्य के लिए घातक होगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें सुनियोजित षड्यंत्र के तहत अरावली पर्वतमाला को खनन माफियाओं के हवाले कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहुमूल्य प्राकृतिक संपदा को उद्योगपति मित्रों को सौंपने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने मनरेगा को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को गरीबों की नहीं, सिर्फ अमीर दोस्तों की चिंता है। जैन भाया ने जोर दिया कि मनरेगा कोई योजना नहीं, बल्कि संविधान से मिला काम का अधिकार है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा अपने हिस्से को 90 प्रतिशत से घटाकर 60 प्रतिशत करने और राज्यों पर बोझ बढ़ाने को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजदूरों और गरीबों के रोजगार अधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सचिव हंसराज मीणा उदपुरिया, डीसीसी पदाधिकारी, सेवादल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *