भोपाल के वीआईपी रोड पर युवक द्वारा स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवक रेलिंग पर लटककर स्टंट कर रहा है। रेलिंग के ठीक नीचे बड़ा तालाब है। युवक के स्टंट को कुछ लोग कैमरे पर शूट कर रहे हैं। हालांकि किसी ने भी उसे समझाइश देने का प्रयास नहीं किया। वहीं सीमा विवाद के चलते जान दांव पर लगाने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई भी तय नहीं की है। तलैया थाने के टीआई दीपक डहरिया के मुताबिक जिस स्थान का वीडियो है, वह उनके थाना क्षेत्र का नहीं है। मामला संज्ञान में है लेकिन जहां का वीडियो है वह कोहेफिजा थाना क्षेत्र में आता है। वहीं कोहेफिजा थाने की पुलिस का कहना है कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। ऐसे किसी वीडियो के आधार पर कार्रवाई भी नहीं की है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेंगे। पहले भी हो चुकी हैं वीडियो वायरल इसी फरवरी महीने में वीआईपी रोड पर चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उनका वाहन जब्त कर लिया गया है और चालक के लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में पुलिस ने परिवहन विभाग को पत्र भी लिखा है। बता दें कि 28 फरवरी को भोपाल के वीआईपी रोड पर एक बाइक पर दो युवकों के बीच खड़ी एक युवती का डांस करते हुए वीडियो सामने आया था। तेज रफ्तार बाइक पर युवती राह चलते लोगों को फ्लाइंग किस दे रही थी। इतना ही नहीं, वीडियो बनाने पर उसके साथी युवकों ने राहगीरों के साथ अभद्रता भी की। वीडियो वायरल होने के बाद तत्कालीन पुलिस उपायुक्त (जोन-03) रियाज इकबाल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद कोहेफिजा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक रितिक यदुवंशी और सुमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।


