चतरा में शराब तस्करी का भंडाफोड़:पुलिस से बचने में घर से टकराई कार, 197 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त

चतरा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस से बचने के प्रयास में शराब तस्करों की तेज रफ्तार कार सड़क किनारे एक घर से जा टकराई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। वशिष्ठनगर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डोभी की ओर से एक कार में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और घंघरी पुल के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर से टकराई वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार घंघरी पुल की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन रोकने के बजाय अचानक रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान घबराहट में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे स्थित एक घर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच चालक अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से फरार हो गया। गनीमत रही कि जिस घर से कार टकराई, वहां कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। कार से 197 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार की तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की कुल 197 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह शराब तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, जो सीमावर्ती इलाकों से शराब की खेप लाकर जिले में खपाने का काम करता है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान के लिए वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *