जालोर सिरोही लोकसभा क्षेत्र के लिए 301 करोड़ स्वीकृत:प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनेंगे 177 नए संपर्क मार्ग

जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 301 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से क्षेत्र में कुल 177 नए संपर्क मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण कनेक्टिविटी में सुधार होगा। सांसद लुंबाराम चौधरी ने इस स्वीकृति को जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इस बड़ी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। सांसद चौधरी की अनुशंसा पर संसदीय क्षेत्र जालोर-सिरोही में कुल 177 सड़क मार्ग स्वीकृत हुए हैं। इनमें जालोर जिले में 117 सड़क मार्ग शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 284 किलोमीटर है और इनके निर्माण के लिए 171.27 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हुआ है। इसी प्रकार, सिरोही जिले के लिए 60 सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जिनकी कुल लंबाई 146.60 किलोमीटर है और इनके निर्माण पर 129.73 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना भारत सरकार के ग्रामीण मंत्रालय द्वारा शुरू की गई एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य 250 तक की आबादी वाली असंबद्ध ग्रामीण बस्तियों को सभी मौसमों में आसपास की मुख्य सुविधाओं और सड़कों से जोड़ना है, जिससे गरीबी उन्मूलन और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिल सके। सांसद लुंबाराम चौधरी ने संसदीय क्षेत्र जालोर-सिरोही की ऐसी ग्रामीण बस्तियों के प्रस्ताव ग्रामीण मंत्रालय, भारत सरकार को भेजे थे, जो किसी भी प्रकार के सड़क मार्ग से जुड़े हुए नहीं थे। सांसद चौधरी के इन प्रस्तावों पर ग्रामीण मंत्रालय ने मुहर लगाते हुए संसदीय क्षेत्र को यह बड़ी सौगात प्रदान की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *