अजाक्स संघ की प्रांतीय निर्देशानुसार हरदा जिला मुख्यालय पर रविवार को एक जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा के समर्थन में प्रदेश भर में ज्ञापन और आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। अजाक्स संघ ने निर्णय लिया है कि अनुसूचित जाति जनजाति के कर्मचारी आईएएस संतोष वर्मा के समर्थन में कल (सोमवार) सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद, 6 जनवरी को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे
आंदोलन के अगले चरण में, 13 जनवरी, 2026 को एससी-एसटी महिला संगठन रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद, 18 जनवरी, 2026 को आईएएस संतोष वर्मा के समर्थन में भोपाल में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। भोपाल में होने वाली इस जनसभा में अनुसूचित जाति जनजाति से संबंधित विधिक प्रकरणों, आरक्षण, पदोन्नति और एक लाख बैकलॉग पदों के संबंध में विशाल रैली निकाली जाएगी। हरदा जिले से भी अनुसूचित जाति जनजाति के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी हजारों की संख्या में भोपाल पहुंचेंगे। बैठक में अजाक्स जिला अध्यक्ष सुनील चौरे, कार्यकारी जिला अध्यक्ष देवीदयाल सिंगौरे, पूनम घाटे, तुकाराम चौरे, कमलेश सेजकर, कैलाश बिलारे, अरुण कुमार गुर्जरभोज, एससी-एसटी युवा संघ प्रदेश अध्यक्ष राहुल पवारे, भीम आर्मी संभागीय अध्यक्ष महेंद्र काशिव मेहरा, केवलराम उईके, रूपसिंह पीपलोदे, विद्युत सावनेर, ज्ञानदेव माणिक, नितेश वर्मा और लालू मेहरा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


