रीवा के बीहर नदी के तट पर रिवर फ्रंट का निर्माण होने के बाद कई घाट लोगों के लिए बंद हो गए। महापौर के मुताबिक बाबा घाट में मंदिर जाने वाले रास्ते में भी गेट लगाकर ताला बंद कर दिया गया। जिससे अब लोग मंदिर में दर्शन करने नहीं जा सकते। स्थानीय लोगों के द्वारा इस बात की शिकायत रीवा महापौर से की तो वे आज (शनिवार) रास्ता खुलवाने पहुंच गए। घाट और मंदिर में ताला लगने की सूचना मिलने के बाद महापौर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मंदिर जाने के रास्ते को खोलने की बात कही। दरअसल, स्थानीय लोगों का कहना है कि रिवरफ्रंट निर्माण के दौरान कई घाट के रास्ते बंद हो गए हैं। जहां आम लोगों का आना-जाना बंद हो गया। लोगों का कहना है कि घाट में उनका निस्तार था लेकिन रिवर फ्रंट बनने के बाद घाट को बंद कर दिया गया है। वहीं बड़ी पुल के नीचे बने धोबी घाट को भी बंद किया गया है। इसके कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते कई वर्षों से धोबी घाट में एक विशेष व्यवसाय से जुड़े लोग वहां कपड़े धोने के लिए जाते थे। लेकिन अब उनके सामने बड़ी दिक्कत आ गई है। महापौर बोले- लापरवाही बरती गई
इधर, महापौर ने निरीक्षण के दौरान ठेकेदार लोगों के लिए रास्ता बनाने की बात कही गई है। जिससे लोगों को घाट और मंदिर तक आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, और जलाशय सहित मंदिर में लोगों का निस्तार हो सके। रीवा फ्रंट निर्माण कोतवाली घाट से बड़ी पुल तक किया जा रहा है। जिसकी जद में कई घाट आते हैं और काफी लोगों का नदी से निस्तार भी है। स्थानीय निवासी सुनील रजक ने बताया कि रिवर फ्रंट निर्माण के बाद नदी और घाट के बीच ऊंची दीवार खड़ी कर दी गई है। जिसके कारण लोग नदी तक नहीं पहुंच सकते। यह लोगों के लिए एक बड़ी समस्या है। हालांकि महापौर अजय मिश्रा बाबा ने ठेकेदार से चर्चा की, लोगों के लिए घाट को खोलने की बात कही। महापौर का कहना है कि पूरे मामले में भारी लापरवाही बरती गई है। मुझे एक हफ्ते से शिकायत मिल रही थी। लोगों को निकलने नहीं दिया जा रहा था। जिस वजह से मैं यहां पर पहुंचा। रास्ते को बंद किया गया था।


