दौसा जिले में सर्द हवाओं के चलते कडाके की ठंड का दौर जारी है। साथ ही बीती रात हुई हल्की बारिश से भी सर्दी का असर और बढ गया है। यहां रात को कई इलाकों में बारिश हुई और देर रात घना कोहरा छा गया। इससे विजिबिलिटि 100 मीटर से भी कम रही गई। सड़कों पर वाहनों चालकों को हैड लाइट जलाकर बेहद कम स्पीड में गुजरना पड रहा है। कलेक्टर ने कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की गुरूवार को एक दिन की छुट्टी घोषित की है। वहीं भीषण सर्दी के चलते शाम ढलने से लेकर देर सुबह तक लोगों की आवाजाही बेहद कम देखी जा रही है। सर्द हवाओं से आम जनजीवन भी प्रभावित है, लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं और घर से निकलते समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गुरूवार का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 18 डिग्री रहने का अनुमान है। रेल व सड़क यातायात प्रभावित
जिले में शीतलहर के प्रकोप के साथ घना कोहरा छाने का असर रेल यातायात पर भी देखा जा रहा है। दौसा जंक्शन पर ठहरने वाली अधिकांश ट्रेनें 3-4 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। जयपुर व दिल्ली की ओर आवाजाही करने वाले यात्रियों को कई घंटे इंतजार के बाद देरी से ट्रेन का सफर करना पड रहा है। वहीं घने कोहरे के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित होने से बसों का संचालन देरी से हो रहा है। हादसों से बचने के लिए लोग कम स्पीड में वाहन ड्राईविंग करते देखे जा रहे हैं। इससे आमजन को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड रहा है। फिलहाल ठंड का असर बने रहने के आसार हैं।


