बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कोटराही में एक बस दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ, जिसके बाद ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब बैढ़न से अंबिकापुर जा रही गुप्ता बस में एक महिला चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए बस को आगे बढ़ा दिया, जिससे महिला बस के पिछले पहियों की चपेट में आ गई। घायल महिला की पहचान अतवरिया पति स्वर्गीय जवाहिर, निवासी कोटरही (चाचीडाढ़) के रूप में की गई है। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तत्काल वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार बस ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।


