राजधानी में नाइट ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था अंधेरे में चल रही है। दिन में बस स्टैंड से 20 किमी सफर तक के जहां 100 से 150 रुपए लगते हैं, वहीं रात में उतनी की दूरी का किराया 300 से 400 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। भास्कर टीम ने तीन रात तक 12 से 2 बजे तक शहर के प्रमुख बस स्टैंड 200 फीट बाईपास, नारायण सिंह सर्किल, ट्रांसपोर्टनगर और जगतपुरा व खातीपुरा रेलवे स्टेशन के हालात जाने जो स्थिति काफी चौंकाने वाली थी। जोधपुर-उदयपुर से जयपुर का किराया 300 से 400 रुपए लगता है, वहीं शहर में मात्र 20 किमी के सफर में ही इतना किराया चुकाना पड़ रहा है। यहां रात के समय हर 20 मिनट पर बसों से 70 से 80 सवारी उतरती हैं। इनको घर तक जाने के लिए ऑटो लेना पड़ता है। इस दौरान रात की मजबूरी का फायदा उठाकर ऑटो चालक मनमर्जी का किराया वसूलता है। वहीं रात में ऑनलाइन कैब मिलना भी मुश्किल होता है। अगर कोई बुक हो भी जाती है तो कैब चालक भी ऑफलाइन ही चलने के लिए बोलते हैं, ताकि अपनी मर्जी का किराया वसूल सकें। रात 2 बजे; 200 फीट बाईपास: उदयपुर-जोधपुर की बसों का स्टैंड 200 फीट बाईपास पर उदयपुर-जोधपुर से आने वाली बसों का स्टॉप रहता है। रोज रात को करीब 20 निजी एवं सरकारी बसें यहां पर 11 से लेकर सुबह 4 बजे तक प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर रुकती है। इनसे मानसरोवर, श्याम नगर, हीरापुरा सहित आस-पास की कॉलोनियों के 100 से ज्यादा यात्री इन बसों से उतरते हैं। हीरापुरा निवासी तुषार शर्मा उदयपुर से पहुंचे। उनका घर 200 फीट बाईपास से महज 12 किमी है, लेकिन सवारी नहीं मिलने का बहाना बनाकर ऑटो चालाक ने 300 रुपए मांगे। ऑटो चालक ने तुषार से फिर 300 रुपए ही चार्ज लिया। रात 1 बजे; ट्रांसपोर्ट नगर: ईदगाह, राजापार्क तक का किराया ~200 ट्रांसपोर्ट नगर भी दिल्ली, यूपी, भरतपुर सहित आस-पास के जिलों की बसें यहां पर रुकती हैं। ईदगाह, जवाहर नगर, राजापार्क सहित इन क्षेत्रों में आने के लिए अगर कोई ऑटो से जाना चाहता है तो उसे भी इन क्षेत्रों के लिए 200 रुपए तक चुकाने पड़ते हैं। इससे कम में ऑटो चालक नहीं जाते। रात 1:30 बजे; नारायण सिंह सर्किल: प्रताप नगर, गांधी नगर, गोपालपुरा तक का किराया 340 तक नारायण सिंह सर्किल पर दिल्ली, यूपी और हरियाणा से आने वाली बसों का स्टॉप है। रात 12 बजे के बाद हर 10 से 15 मिनट में बस आती है। यहां से प्रताप नगर, गांधी नगर, गोपालपुरा बाईपास, बजाज नगर और मालवीय नगर तक के लिए ऑटो चालक 340 रुपए तक की डिमांड करते हैं। हमने जब ऑनलाइन बाइक कैब को बुक कर बुलाया तो उसने सिंगल सवारी के 120 रुपए मांगे वह भी ऑफलाइन चलने को तैयार हुआ। ऐसे में ना चाहते हुए भी लोगों की जेब पर भार पड़ रहा है।


