सीकर में आज न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि आज सुबह भी सीकर में कोहरा छाया रहा। जो धूप निकलने के साथ ही कम हो गया। फिलहाल सीकर में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 5.5 और अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री दर्ज किया गया था। बुधवार को भी जिले में सुबह कोहरा छाया रहा। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक जिले में 4 से 5 दिन मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में कोहरा भी छाया रहेगा। मौसम ड्राई रहने के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव भी होता रहेगा। फिलहाल जनवरी महीने में लोगों को सर्दी से राहत मिलने वाली नहीं है। हालांकि कोई वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होता है तो मौसम में बदलाव आ सकता है। तेज सर्दी का असर रहने से तापमान भी सिंगल डिजिट में ही रिकॉर्ड किया जा सकता है।


