देवास के आवासनगर में एक रेस्टोरेंट के बाहर बुधवार शाम को कुछ लोगों ने एक युवक से जमकर मारपीट की। इस घटना का वीडियो आज सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट में युवक को गंभीर चोट लगी है। जिसका इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है। जिला अस्पताल के डॉक्टर सीएम गुप्ता ने बताया कि घायल युवक के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान है। प्राथमिक उपचार के बाद एक्सरे की सलाह दी गई।इधर बीएनपी पुलिस ने दोनों और से क्रॉस रिपोर्ट कर मामले को जांच में लिया है। पीड़ित के बड़े भाई हेमंत भदौरिया के अनुसार, लोकेन्द्र सिंह दरबार, राहुल और उनके साथियों ने अमन को रोककर लाठियों से पीटा और बाद में सड़क पर फेंक दिया। घटना उस समय हुई जब अमन अपनी मौसी की गुमटी से घर जा रहा था और खुशबू होटल पर कुछ परिचितों ने उसे बुलाया था। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि शराब पीने के पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गालीगलौज और तोड़फोड़ की गई। बीएनपी पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। अमन भदौरिया की शिकायत पर लोकेन्द्र, कृष्णा व अन्य के खिलाफ, जबकि लोकेन्द्र सिंह भदौरिया की शिकायत पर अमन, हेमंत और शरद भदौरिया के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


