भास्कर न्यूज | चित्तरंजन पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के विभिन्न शाखाओं के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कुल्टी सेल ग्रोथ वर्क्स के मुख्य सड़क को जाम किया। इस आंदोलन में प्रभावित स्थानीय लोग भी शामिल हुए और लगभग एक घंटे तक यातायात अवरुद्ध रखा। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन के कारण जीटी रोड और आसपास के इलाकों में भारी यातायात जाम लग गया। कुल्टी ब्लॉक युवा तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष, बिमान दत्त ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुल्टी सेल ग्रोथ वर्क्स प्रशासन ने पिछले तीन महीने से उनके इलाके में स्थित आवासों में पानी की आपूर्ति बंद कर दी है, जिसके कारण वहां के निवासियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तृणमूल कांग्रेस के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है, और यह तब तक जारी रहेगा जब तक पानी की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती। बिमान दत्त ने चेतावनी दी कि अगर पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की जाती, तो उनका विरोध प्रदर्शन और भी तेज होगा। वहीं, स्थिति को सामान्य बनाने के लिए वहां सिआईएसएफ और कुल्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आखिरकार, अधिकारियों ने संबंधित मुद्दे पर आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ और यातायात फिर से सामान्य हुआ।


