रेगिस्तानी बाड़मेर में लगातार सर्दी में उतार-चढ़ाव का दौर जारी हे। कभी तेज ठंड तो कभी बारिश कभी शीतलहर चलनी शुरू हो जाती है। बीते 5 दिनों से शीतलहर की वजह से थारवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को भी सुबह हवाओं का दौर जारी है। फिलहाल दिन-रात का तापमान में बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास चल रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी दो-तीन तक सर्दी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। अब दिन का तापमान बढ़ने से हल्की राहत मिली है, लेकिन रात में शीत लहर से जनजीवन प्रभावित है। 15-20 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। इससे रात को न्यूनतम पारा 9.8 डिग्री पर अटका हुआ है। बीते पांच दिनों से सुबह कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी कम होने के साथ ही वाहन चालकों को परेशानी हुई। इसके बाद 10 बजे तक मौसम साफ हुआ और धूप खिल रही है। गुरुवार को भी सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए रहे। 9 बजे तेज धूप खिलने के बाद सर्दी से थोड़ी राहत मिल रही है। धूप खिलने से दिन में शीत लहर से थोड़ी राहत मिली। बुधवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 24.6 और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल ओपीडी में मरीजों की कतार लगी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिन तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। वहीं 18 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही शीत लहर का असर कम होगा। रात का पारा करीब 13 डिग्री तक पहुंच सकता है।


