SBI का एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश:देर रात गाड़ी के साथ एटीएम को बांधा, फिर खींचकर ले गए

बीकानेर के बज्जू थाना क्षेत्र में आरडी 860 गांव में लगी एटीएम मशीन बुधवार की देर रात बदमाश गाड़ी से बांधकर ले गए। सुबह एटीएम का गेट टूटा हुआ देखा तो अंदर की ओर झांका। तब पता चला कि अंदर तो एटीएम ही नहीं है। बैंक प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एटीएम में शुक्रवार को ही 14 लाख रुपए डाले गए थे। इसमें कुछ राशि दो दिन में निकली है। बज्जू थाना क्षेत्र में स्थित गांव RD 860 मुख्य मार्ग के नजदीक ही है। यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम लगा हुआ है। बुधवार देर रात चोर आए और एटीएम को गाड़ी के पीछे बांध लिया। माना जा रहा है कि लोहे की मजबूत चेन से एटीएम को बांधकर गाड़ी को स्टार्ट किया। तेज रफ्तार से खींचने पर एटीएम टूटकर गाड़ी के पीछे लटक गया। जिसे खींचते हुए बदमाश ले गए। देर रात हुई इस वारदात का गांव में किसी को पता नहीं चला। मुख्य मार्ग पर भी कोई आवाजाही नहीं होने का फायदा चोरों ने उठाया। वारदात को अंजाम देने में चोरों ने कुछ ही मिनटों का समय लिया और घटनास्थल से फरार हो गए। घटना के बाद एटीएम में नकदी का आंकलन किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही बज्जू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं और अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस का मानना है कि यह वारदात किसी संगठित गिरोह द्वारा की गई हो सकती है। थानाधिकारी आलोक ने बताया कि दो दिन पहले एटीएम में 14 लाख रुपए डाले गए थे। जिसके बाद कुछ रुपए निकल सकते हैं। बैंक अपने रिकार्ड को देखकर पता कर रहा है कि अब कितने रुपए के साथ एटीएम ले गए। मौके पर एफएसएल टीम पहुंच गई है। सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिल गए हैं, जिसके आधार पर पड़ताल हो रही है। नेशनल हाइवे और अन्य क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *