मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए रविवार पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे से खोमई क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नदी-नालों के किनारे बने अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश दी गई। यह कार्रवाई कई घंटे चली। जिसमें पुलिस टीम को कई किमी पैदल सफर तय करना पड़ा। इस कार्रवाई में टीम ने मौके पर ही लगभग 210 लीटर हाथ भट्टी शराब और करीब 5400 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया। इसके अतिरिक्त, 4 ड्रम, लगभग 70 केन और 100 अन्य सामग्री भी जब्त कर नष्ट की। नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 6 लाख रुपए बताया गया है। इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)क और 34(च) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस संयुक्त अभियान में थाना भैंसदेही पुलिस, आबकारी विभाग, अचलपुर और शिरजगांव पुलिस, तथा फ्लाइंग स्क्वाड भरारी पथक के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। इनमें भैंसदेही आबकारी वृत्त प्रभारी पंकज लोखण्डे, निरीक्षक आनंद काले, निरीक्षक महेंद्र गवयी, निरीक्षक संतोष वायाल, एसआई आशीष कुमरे, रूपाली सोनडवले, योगेंद्र और आकाश जाधव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या आबकारी विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


