भास्कर न्यूज | अमृतसर रविवार सुबह पड़ी धुंध के कारण खंडवाला 66 केवी बिजली घर से चलने वाले संधू कॉलोनी फीडर की तार टूट गई। इससे प्रताप बाजार और जीटी रोड इलाके में फाल्ट पड़ गया। इसी कारण संधू कॉलोनी, जीटी रोड, प्रताप बाजार हरकृष्ण नगर, काले रोड समेत अन्य इलाकों की बिजली 11 घंटे तक बंद रही। बिजली बंद की शिकायत इलाके के लोगों द्वारा नोडल कंप्लेंट सेंटर नंबर 96461 20175 पर की। परंतु वहां बैठे कर्मचारी ने उस जेई का नंबर दिया जो छुट्टी पर था। बिजली बंद के बारे जब लोगों ने जेई को फोन किया तो उन्होंने छुट्टी पर होने की बात कहीं। सुबह 4 बजे बिजली बंद होने के बाद इलाके में निगम के ट्यूबवेल भी नहीं चले। जिसके कारण लोगों के घरों में पानी नहीं आया। रविवार की छुट्टी होने के कारण लोग लेट उठे पर पानी नहीं होने से महिलाओं को खाना बनाने और बच्चों को नहाने समेत अन्य कई कामों से सारा दिन वंचित रहना पड़ा। बिजली बंद होने से इलाके के करीब 10 हजार लोगों को 11 घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। ठंड ज्यादा होने के कारण बुजुर्ग अपने घरों में ही दुबके रहे। वहीं 3 बजे बिजली आई तो उसके बाद लोगों ने अपने काम निपटाए। इसके बाद शाम 5 बजे निगम के ट्यूबवेल चले और लोगों ने अपनी पानी की टंकियां भरीं। इसके बाद महिलाओं ने घर के काम निपटाए। इलाका निवासी सुमन, पूजा, अमृत कौर, संतोष और राकेश कुमार ने बताया कि नोडल कंप्लेंट सेंटर वालों को उस कर्मचारी का मोबाइल नंबर देना चाहिए जिसकी ड्यूटी हो, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी देने पर नोडल कंप्लेंट सेंटर कर्मचारी पर कार्रवाई होनी चाहिए।


