मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को विधायक खेल स्पर्धा – 2025 के विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन दोपहर बाद 2 बजे से वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में होगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सांसद खेल स्पर्धा की तर्ज पर विधायक खेल स्पर्धाओं का आयोजन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री गोरखपुर शहर से विधायक हैं।
ऐसे में गोरखपुर शहर स्थित वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज में विधायक खेल स्पर्धा 28 दिसंबर से शुरू हुई है। इस दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सीएम उपस्थित रहेंगे और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। इन खेलों का हो रहा आयोजन गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विधायक खेल स्पर्धा 2025 में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, जूडो और कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में होगा। पहले दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
सांसद रविकिशन ने रविवार को इस स्पर्धा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा एवं प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों का हाथ मिलवाकर स्पर्धा शुरू कराई। उद्घाटन अवसर पर सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ला एवं पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह उपस्थित रहे। कबड्डी खिलाड़ी के घर जाकर जताएंगे शोक संवेदना खेल स्पर्धा में शामिल होने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजे जंगल कौड़िया ब्लॉक के बुढ़ियाबारी गांव में पूर्व प्रमुख स्वर्गीय रामपति यादव के घर भी जाएंगे। यहां वह स्वर्गीय यादव के परिवार के सदस्य और सेवानिवृत रेलकर्मी एवं खेल प्रमोटर सुशील यादव को श्रद्धांजलि देंगे। कबड्डी के खिलाड़ी रहे सुशील यादव का गत दिनों निधन हो गया था।


