सतना के बीटीआई ग्राउंड में चल रहे विंध्य व्यापार मेला परिसर के बाथरूम का आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले आरोपी को कोलगवां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रियांश गौतम (40) पुत्र स्वर्गीय नरेंद्र कुमार रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर की रात मेला परिसर के बाथरूम में गई एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद मेला आयोजक मंडल ने कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर सेल की मदद से गिरफ्तारी शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से वीडियो बनाने वाले आरोपी प्रियांश गौतम की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पैसों के लालच का खुलासा पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति ने उसे पैसों का लालच देकर वीडियो बनवाया था। इस आधार पर उस व्यक्ति को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। वहीं वीडियो वायरल करने के मामले में भी एक व्यक्ति को नामजद किया गया है। आरोपी पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, साजिशकर्ता की तलाश जारी पुलिस ने आरोपी प्रियांश के खिलाफ बीएनएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले के मुख्य साजिशकर्ता की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम को जिले से बाहर भेजा गया है और लगातार दबिश दी जा रही है।


