सतना-मैहर बाईपास पर 31.15 करोड़ रुपए की लागत से बने इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से बसों का संचालन शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने आईएसबीटी के नोटीफिकेशन के लिए संभागीय कमिश्नर रीवा को प्रस्ताव भेज दिया है। नोटीफिकेशन जारी होने के बाद ही आईएसबीटी से बसों का संचालन किया जाएगा। प्रस्ताव को संभागीय कमिश्नर कार्यालय से उच्च स्तर पर भेजा जाएगा, जहां से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद प्रक्रिया पूरी होगी। शहर के भीतर से नहीं गुजरेंगी बसें नोटीफिकेशन में कई नए रूट तय किए गए हैं। इसका उद्देश्य यह है कि बसें शहर के अंदर से गुजरने वाले ओल्ड हाइवे का उपयोग न करें और बाईपास से होकर ही आवागमन करें। इससे शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। सेमरिया चौक का पुराना बस स्टैंड होगा बंद आईएसबीटी से सभी बसों के पूरी तरह शिफ्ट होने के बाद सेमरिया चौक स्थित पुराने बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। फिलहाल यहां से चित्रकूट और नागौद की ओर जाने वाली बसें शहर के बीच से होकर गुजरती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। सतना-मैहर में 700 से ज्यादा बसें रजिस्टर्ड क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अनुसार सतना और मैहर जिले में करीब 700 से अधिक बसें रजिस्टर्ड हैं। रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली सूत्र बस सेवा को भी आईएसबीटी से चलाने का प्रस्ताव नोटीफिकेशन में शामिल किया गया है। अभी यह सेवा रेलवे स्टेशन परिसर से संचालित हो रही है। पहले भी बदले जा चुके हैं कुछ रूट करीब एक दशक पहले सेमरिया चौक बस स्टैंड से मैहर और अमरपाटन जाने वाली बसों के रूट बदलकर सतना-मैहर बाईपास किए गए थे। इससे पहले बसें सिविल लाइन, सिटी कोतवाली और नजीराबाद होते हुए चलती थीं। कलेक्टर बोले- नए बस स्टैंड से संचालन की तैयारी कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि आईएसबीटी से बसों के संचालन के लिए नोटीफिकेशन का प्रस्ताव संभागीय कमिश्नर कार्यालय भेजा गया है। अधिकारियों को नए बस स्टैंड से बसों के संचालन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।


