चिंतन बैठक वाले स्थान पर कैबिनेट बैठक होने की संभावना:नर्मदापुरम कलेक्टर-एसपी ने देखी संभावित व्यवस्था, साउंड एंड लाइट शो देखेंगे सभी मंत्री

मध्यप्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन व सतपुड़ा की रानी के नाम से पहचाने जाने वाली पचमढ़ी में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की कैबिनेट बैठक 26 दिसंबर को होना संभावित है। डॉक्टर मोहन यादव सरकार के सभी मंत्री एक साथ सतपुड़ा की वादियों के बीच शांतिमय वातावरण में कई मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लेंगे। हालांकि कैबिनेट बैठक के स्थल और तारीख को लेकर अब तक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन संभावित तारीख 26 दिसंबर के अनुसार जिला प्रशासन तैयारियों में जरूर जुट गया है। जहां ढाई साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की चिंतन बैठक हुई थी, ठीक उसी स्थल पॉइंस प्लांटेशन पॉइंट पर ही कैबिनेट बैठक हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सीएम डॉक्टर यादव, सभी मंत्रियों के साथ बैठक के अलावा पचमढ़ी में सतरास्ते के पास स्थित पंचरण में साउंड एंड लाइट शो भी देखेंगे। इसके लिए आज (शनिवार) कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह, डीएसपी संतोष मिश्रा, पिपरिया एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने पॉइंस प्लांटेशन पॉइंट का निरीक्षण किया। साउंड एंड लाइट शो का आनंद भी लेंगे
बता दें मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव 6 दिसंबर को पचमढ़ी पहुंचे थे। यहां प्रदेश की पहली महिलाओं द्वारा संचालित पिंक होटल यानि अमलतास होटल का शुभारंभ किया। सीएम ने साउंड एंड लाइट शो का आनंद भी लिया था। राजा भभूत सिंह और पचमढ़ी के इतिहास के बारे में देखा। सीएम इतने प्रभावित हुए कि पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह की स्मृति में कैबिनेट बैठक करने का निर्णय ले लिया। संभावित तारीख 26, 27 दिसंबर हो सकती है। कलेक्टर सोनिया मीना ने बताया कि कैबिनेट बैठक की तारीख तय नहीं है। संभावित 26 दिसंबर को बैठक हो सकती है। ढाई साल पहले चंपक झील से आगे पॉइंस प्लांटेशन पॉइंट में चिंतन बैठक हुई थी, उसी जगह पर फिलहाल कैबिनेट बैठक के लिए जगह देखी है। फाइनल बैठक की तारीख और स्थल सीएम कार्यालय से तय होगा। पचमढ़ी से पहले भी सरकार एक साथ बैठकर कैबिनेट बैठक व चिंतन शिविर कर चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान फरवरी 2018 में व मार्च 2022 में चिंतन शिविर कर चुके हैं। जिसमें मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के साथ कैबिनेट के सभी मंत्री एक साथ बैठे थे। सीएम ने कहा था- यह स्विटजरलैंड से कम नहीं
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव 6 दिसंबर को पचमढ़ी पहुंचे थे। यहां प्रदेश की पहली महिलाओं द्वारा संचालित पिंक होटल यानि अमलतास होटल का शुभारंभ किया था। मंच से सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने कहा था कि सतपुड़ा की पहाड़ियों में हिमालय की गोद जैसा आनंद आता है। उन्होंने कहा था कि मध्यप्रदेश के मैदानी क्षेत्र से निकलकर पचमढ़ी आना स्विटजरलैंड जैसा अनुभव प्रदान करता है। पचमढ़ी आकर मन आनंद से भर जाता है। पर्यटन के सभी आयाम धार्मिक पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहर आधारित पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन आदि को अपने में समेटे हुए हैं। इसलिए देश के साथ साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *