छिंदवाड़ा में नपा अध्यक्ष का कथित ऑडियो वायरल:ठेकेदार से 5% कमीशन मांगने का आरोप; अध्यक्ष बोले- मेरी छवि खराब करने की साजिश

छिंदवाड़ा की परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिससे नगर की राजनीति में हलचल मच गई है। वायरल हो रहे ऑडियो में अमृत-1 योजना के तहत होने वाले कार्यों में ठेकेदार से 5 फीसदी कमीशन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर यह भी कहा जा रहा है कि “इस बार 4 प्रतिशत में काम नहीं चलेगा।” शनिवार और रविवार को यह ऑडियो वायरल होने के बाद नपा प्रशासन बैकफुट पर है। इसी बीच एक और कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें नपा अध्यक्ष को नागपुर के एक ठेकेदार से यह कहते सुना जा रहा है कि इस बार वह टेंडर न लगाए। ऑडियो में पार्टी स्तर से फोन आने का हवाला देते हुए ठेका किसी अन्य को देने की बात कही जा रही है। इन दोनों ऑडियो के सामने आने के बाद भाजपा संगठन के भीतर भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेता से बातचीत का दावा चर्चा है कि पहले ऑडियो में हो रही बातचीत नपा अध्यक्ष विनोद मालवीय और भाजपा के पूर्व महामंत्री परमजीत सिंह बिज के बीच की है। हालांकि, परमजीत सिंह बिज ने ऑडियो में अपनी आवाज होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि न तो ऑडियो में उनकी आवाज है और न ही उनका इस पूरे प्रकरण से कोई संबंध है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। नपा अध्यक्ष बोले- यह राजनीतिक साजिश नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो पूरी तरह फर्जी है और उनकी छवि खराब करने के लिए राजनीतिक साजिश के तहत इसे तैयार कर सोशल मीडिया पर फैलाया गया है। मालवीय का कहना है कि पूर्व में भी उनके खिलाफ लोकायुक्त और न्यायालयों में शिकायतें की गई थीं, लेकिन सभी जगह से मामला खारिज हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी ऑडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दो दिन पहले ही ली थी सुशासन की शपथ गौरतलब है कि पंडित अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर सुशासन दिवस के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सुशासन और नियमों के पालन की शपथ ली गई थी। इसके महज दो दिन बाद कथित ऑडियो सामने आने से मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है। (दैनिक भास्कर डिजिटल इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता।)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *