755 किसानों के खेत में लगी सौर सुजला की प्लेट

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर जिले में सौर सुजला योजना किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आई है। मुख्यमंत्री की इस दूरदर्शी पहल ने खासतौर पर आदिवासी, दूरस्थ और अविद्युतीकृत क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई की बड़ी समस्या से राहत दिलाई है। पिछले दो वर्षों में जिले के 755 किसानों को सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे खेती अब मौसम और बिजली की अनिश्चितता से काफी हद तक मुक्त हो गई है। जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बिजली का विस्तार आज भी चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में किसान या तो बारिश पर निर्भर रहते थे या फिर महंगे डीजल पंपों का सहारा लेते थे। इससे खेती की लागत बढ़ती थी और समय पर सिंचाई न होने से फसलें प्रभावित होती थीं। सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप मिलने के बाद किसानों को समय पर पर्याप्त पानी मिलने लगा है, जिससे खेतों में हरियाली लौटी है और उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है। बगीचा तहसील के किसान बंधु यादव बताते हैं कि पहले उनकी खेती पूरी तरह मानसून पर निर्भर थी। बारिश कम होने पर फसल खराब हो जाती थी। सोलर पंप मिलने के बाद अब वे जरूरत के अनुसार सिंचाई कर पा रहे हैं। इससे फसल की गुणवत्ता बेहतर हुई है और पैदावार में भी इजाफा हुआ है। वहीं फरसाबहार के किसान दुलार साय ने सोलर पंप की मदद से अपनी खेती का विस्तार किया है। अब वे पारंपरिक फसलों के साथ सब्जियों की खेती भी कर रहे हैं, जिससे उनके परिवार की आय दोगुनी हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *