स्कूल-कॉलेज में ही बनेंगे पासपोर्ट, मोबाइल वैन सेवा हुआ शुभारम्भ:स्पीकर बिरला की पहल पर विद्यार्थियों के लिए शुरू हुआ स्टूडेंट कनेक्ट प्रोग्राम

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में विद्यार्थियों के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। स्पीकर बिरला ने गुरुवार को श्रीनाथपुरम स्थित निजी स्कूल से ‘स्टूडेंट कनेक्ट प्रोग्राम’ के तहत पासपोर्ट मोबाइल वैन सेवा का शुभारंभ किया, जिसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज में ही पासपोर्ट बनाने की सुविधा मिल सकेगी। इस पहल के माध्यम से शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों को पासपोर्ट के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया को भी सरल और सुलभ बनाया जाएगा।

स्पीकर बिरला ने कहा कि हमारे देश की युवा शक्ति ही हमारे उज्जवल भविष्य का निर्धारण करेगी। हमारा कर्तव्य है कि हम विद्यार्थियों को हर संभव अवसर प्रदान करें। इस सुविधा से अब छात्र-छात्राएं पासपोर्ट बनाने के लिए पासपोर्ट कार्यालय जाने की बजाय अपने विद्यालय या कॉलेज में ही आवेदन कर सकेंगे, जिससे उनका समय बच सकेगा और उन्हें भविष्य में यात्रा, उच्च शिक्षा या रोजगार के लिए पासपोर्ट प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। एक लाख पासपोर्ट जारी हुए बिरला ने कहा पहले के मुकाबले पासपोर्ट बनाने के प्रक्रिया कई अधिक सरल हुई है। एक समय था जब अपॉइन्टमेंट के लिए इंतजार करना होता था, जयपुर जाना पड़ता था। कोटा में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बनने के बाद महज एक वर्ष में रिकॉर्ड 1 लाख से अधिक पासपोर्ट जारी हुए हैं। इसका लाभ केवल कोटा-बून्दी और हाड़ौती को ही नहीं बल्कि आसपास के 12 जिलों के नागरिकों को मिल रहा है।
विशेष मोबाइल वैन की गई तैयार
विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए पासपोर्ट कार्यालय द्वारा एक विशेष मोबाइल वैन तैयार की गई है। इस वैन के माध्यम से विद्यार्थी आवेदन, बायोमैट्रिक और वेरीफिकेशन सहित अन्य सभी जरूरी प्रक्रियाओं को आसानी से पूरा कर सकेंगे। विद्यार्थियों को अब पासपोर्ट के लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पासपोर्ट कार्यालय द्वारा शहर के 20 प्रमुख शिक्षण संस्थानों को चिन्हित किया है, जहां शिविर आयोजित होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *