सागर के सानौधा में एक बंद पड़ी पुठ्ठा फैक्ट्री में भूसे के ढेर से 10 फीट लंबा अजगर पकड़ा गया है। रविवार को जब मजदूर भूसा भरने पहुंचे तो अजगर को देख हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे स्नेक कैचर और उनके बेटे ने काफी मशक्कत के बाद करीब 40 किलो वजनी इस अजगर का रेस्क्यू किया। उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। अकेले नहीं संभला तो बेटे को बुलाया फैक्ट्री लंबे समय से बंद है और वहां मवेशियों के लिए भूसा रखा हुआ है। मजदूर जब भूसा ट्रॉली में भर रहे थे, तभी उन्होंने अजगर देखा। वन विभाग की टीम स्नेक कैचर अकील बाबा को लेकर पहुंची। अजगर इतना भारी था कि अकील उसे अकेले काबू नहीं कर पाए। उन्होंने अपने बेटे असद खान को बुलाया। इस दौरान सांप पास की नाली में घुस गया, जहां से पिता-पुत्र ने मिलकर उसे बाहर निकाला। ठंड से बचने के लिए छिपा था अकील बाबा ने बताया कि अजगर करीब 10 फीट लंबा और 40 किलो वजनी है। यह काफी पुराना है। इससे पहले भी इसी जगह से दो अजगर के बच्चों का रेस्क्यू किया गया था। कड़ाके की ठंड के कारण जीव-जंतु गर्माहट वाली जगहों की तलाश में रहते हैं, इसी वजह से अजगर भूसे के ढेर में जाकर छिपा था।


