चिल्फी घाटी में पारा 5 डिग्री, हिल स्टेशन जैसा नजारा

भास्कर न्यूज | चिल्फी घाटी मैकल पर्वत शृंखला में स्थित चिल्फी घाटी इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र का न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि विगत तीन दिनों से न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा गया है। दिन का तापमान भी 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच ही सीमित है। इस बीच वनांचल क्षेत्र में सुबह और शाम, घाटी में घनी धुंध, ठंडी हवाएं, यहां का नजारा किसी हिल स्टेशन जैसा लग रहा है। यहां का सरोधादादर क्षेत्र पर्यटकों के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ठंडी रातों में कैंपिंग, बोनफायर, ट्रैकिंग और सूर्योदय के मनोहारी दृश्य पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। मैकल पहाड़ियों की गोद में बसा यह इलाका प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ आदिवासी संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत करता है, जिससे सैलानियों को एक अलग अनुभव मिल रहा है। इस क्षेत्र में सरई पर्यटन समिति और मैकल हिल टूरिज्म समिति की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन समितियों से जुड़े प्रशिक्षित स्थानीय गाइड पर्यटकों को सुरक्षित भ्रमण कराने के साथ-साथ रूरल टूरिज्म से जोड़ रहे हैं। पर्यटकों को गांवों की जीवनशैली, बैगा जनजाति की संस्कृति, परंपरा को नजदीक से देखने का अवसर मिल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *