गुमला पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के खोरा गांव में स्थित एक पुराने खाली ईंट भट्टे में कुछ लोग ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी की और मौके से खोरा गांव के ही रहने वाले 19 वर्षीय संतोष सिंह उर्फ गुड्डू और 20 वर्षीय सूरज सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पास से 14 ग्राम ब्राउन शुगर और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की गई। जब्त की गई ब्राउन शुगर की कीमत बाजार में लगभग 90 हजार रुपए आंकी गई है। सदर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से सफेद पुड़िया में रखी ब्राउन शुगर बरामद की गई। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


