जबलपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर ग्राम सदाफल के पास तेज रफ्तार एसयूवी इनोवा कार ने रविवार देर शाम चाय की गुमटी पर खड़े चार लोगों को रौंद दिया। इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो को मामूली चोट आई हैं। तेज रफ्तार एसयूवी जबलपुर से अमरकंटक की तरफ जा रही थी। इस दौरान सदाफल से कुंडम तरफ आ रहे बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में कार चालक ने सड़क किनारे स्थित चाय की टपरी में कार घुसा दी। एक्सीडेंट के बाद चारों तरफ अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग दोनों युवकों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां सोमवार दोपहर को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने जबलपुर अमरकंटक रोड पर चक्काजाम कर दिया। मृतकों में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष दीपक महोबिया और आकाश विश्वकर्मा हैं। दोनों ही चाय की गुमटी पर चाय पी रहे थे। दोनों की मौत की जानकारी जैसे ही कुंडम क्षेत्र में लगी तो ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार हाईवे तो बन रहा है, लेकिन इस रहवासी क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर होना चाहिए था। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने सड़क किनारे खड़े 3 से 4 वाहनों को टक्कर मारते हुए सीधे गुमटी में घुस गई। एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेते हुए जांच शुरू कर दी। एएसपी के मुताबिक कार सवार डिंडौरी के रहने वाले हैं जो किसी काम से जबलपुर आए थे और वापस लौट रहे थे। घायलों में दीपक और शरद को भी चोट आई हैं, जिनका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा का कहना है- प्राथमिक जांच में सामने आया था कि जबलपुर से अमरकंटक तरफ जा रही एसयूवी इनोवा की रफ्तार बहुत तेज थी, जबकि सदाफल गांव से कुंडम तरफ आ रहे बाइक सवार भी रफ्तार में थे। बाइक को बचाने के प्रयास में इनोवा चालक ने अचानक ही गाड़ी घूमा दी, जो कि सड़क किनारे स्थित चाय की गुमटी में जा घुसी। दीपक और आकाश का मेडिकल काॅलेज में पीएम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जांच भी करवाई जा रही है। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर में तेज रफ्तार कार ने कई कारें की क्षतिग्रस्त इंदौर के राजेंद्र नगर थाना इलाके में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 5 से अधिक कारों को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद ड्राइवर रात में गाड़ी छोड़कर भाग गया। सुबह रहवासी थाने पहुंचे और मामले में FIR कराई है। पुलिस आसपास के कैमरों से टक्कर मारने वाली कार की तलाश कर रही है। घटना रात करीब 2.30 के लगभग धनवंतरी नगर की है। यहां पर 61 वर्षीय अजय गोविंद ने शिकायत की है कि उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी।पूरी खबर पढ़ें


