कोरबा में 3.33 अरब राम नाम का लेखन:हजारों भक्त हुए शामिल, BJP नेत्री माधवी लता बोलीं- राम नाम हिंदू राष्ट्र की नींव

कोरबा के दशहरा मैदान, डॉ. राजेंद्र नगर में आयोजित दुर्गा शक्ति सभा को संबोधित करते हुए दक्षिण भारत की भाजपा नेत्री और अपोलो अस्पताल की संस्थापक माधवी लता ने कहा कि राम नाम लेखन महायज्ञ से शुरू हुई यह पहल भविष्य में हिंदू राष्ट्र के लिए निर्णायक साबित होगी। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया था। कोरबा जिले में तीन अरब 33 करोड़ 33 लाख राम नाम लेखन महायज्ञ के तहत कौशल्या महाकुंभ में माधवी लता शामिल हुईं। कोरबा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से एकत्रित राम नाम लेखन पुस्तिकाओं को महिलाओं ने ओपन थिएटर से अपने सिर पर धारण कर राजेंद्र नगर दशहरा मैदान तक पहुंचाया। यहां पुस्तिका पूजन के साथ लोगों ने भगवान श्री राम का गुणगान किया। मुख्य अतिथि माधवी लता ने भगवान श्री राम की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों में भगवान राम के प्रति असीम श्रद्धा है, जिसका प्रमाण राम नाम लेखन महायज्ञ में लोगों की बड़ी भागीदारी और समर्पण है। उन्होंने अपने संबोधन में संस्कृत के श्लोकों का भी पाठ किया। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि कोरबा में एक बड़ा राम नाम महासम्मेलन आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश राम नाम के साथ आगे बढ़ रहा है और कोरबा में भी पिछले 20-25 दिनों से सभी आयु वर्ग के लोग राम नाम का लेखन कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि दशहरा मैदान में राम लेखन पुस्तिकाओं की परिक्रमा और पूजन 12 जनवरी तक जारी रहेगा। कार्यक्रम के मंच पर स्वामी भजनानंद सेवा आश्रम केंदई की साध्वी गिरिजेश नंदिनी, राम जानकी मंदिर के महाराज, ब्रह्माकुमारी संस्था की रुक्मणी, गायत्री परिवार से अर्चना मिश्रा, सतनामी कल्याण समिति की संरक्षक श्रीमती रामबाई लहरे और रामनामी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे। राम नाम लेखन महायज्ञ समिति के कोरबा जिला अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल और आरएसएस के पदाधिकारियों में डॉ. विशाल उपाध्याय, किशोर बुटालिया भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। हजारों की संख्या में नागरिकों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *