बूंदी में शिक्षक मनीष मीणा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चल रहे धरने को गुरुवार को नया आयाम मिला। जिला कलेक्ट्रेट पर मीणा समाज द्वारा दिए जा रहे धरने में ब्राह्मण समाज के युवाओं ने भी शामिल होकर पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता दिखाई। सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष मिथिलेश दाधीच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि धरने में शामिल हुए। महासभा के युवा शाखा शहर अध्यक्ष पीयूष शर्मा और जिला महामंत्री विकास सनाढ्य समेत कई प्रमुख नेताओं ने धरने में भागीदारी की। राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक चर्मेश शर्मा ने चिंता जताई कि 9 दिनों के धरने के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। भाजपा नेता रुपेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने आपदा राहत मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को पूरे मामले से अवगत करा दिया है। मीणा समाज के संरक्षक आनंदीलाल मीणा ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर सर्व समाज का समर्थन मांगा है। धरने में मृतक मनीष के पिता राम लक्ष्मण मीणा, एडवोकेट हेमराज मीणा, सरपंच सुरेश मीणा समेत विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में हत्याकांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।


