दतिया में अवैध हथियार रखने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदरगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक कट्टाधारी युवक को दबोचते हुए उसके कब्जे से पांच अवैध देशी कट्टे और जिंदा राउंड बरामद किए हैं। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उक्त मामले का खुलासा पुलिस ने सोमवार दोपहर प्रेस वार्ता कर किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेतुआपुरा वाले ग्राउंड के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में हथियारों के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही इंदरगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक युवक हाथ में थैला लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर थैले से कुल पांच देसी कट्टे बरामद हुए, जिनमें चार 315 बोर और एक 12 बोर का कट्टा शामिल है, साथ ही जिंदा राउंड भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यश दुबे उर्फ चानू, पिता विनोद दुबे (27) निवासी ग्राम जौनिया बताया। आरोपी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सभी अवैध हथियार मौके पर ही जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था।


