हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार को आराभूसाई पंचायत के महुगाईं गांव की रहने वाली युवती सोनी हेमरोम का शव बाझा पंचायत के चंदवा टोंगरी स्थित एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल कटकमसांडी थाना प्रभारी को सूचना दी। सूचना पर पुलिस बल, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, ग्लव्स और हेलमेट भी बरामद किया है।दपरिजन थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई। जबरन फरीदाबाद भी ले गया था आवेदन में परिजनों ने कुद निवासी रोशन कुमार भोक्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व में सोनी हेमरोम का रोशन कुमार भोक्ता के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक लगातार युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और उसे जबरन फरीदाबाद भी ले गया था। इस मामले को लेकर पहले भी थाने में आवेदन दिया गया था और पंचायत भी हुई थी। सोनी को शादी के लिए धमकाता: परिजन परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि रोशन कुमार भोक्ता लगातार सोनी को शादी के लिए धमकाता रहा और मना करने पर जान से मारने की धमकी देता था। मृतका के पिता और अन्य परिजनों ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि रोशन कुमार भोक्ता ने ही उनकी बेटी की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


