डिंडौरी के करंजिया जनपद के मुसामुंडी गांव में नर्मदा किनारे जल निगम द्वारा बनाए जा रहे इंटेकवेल का सोमवार को सरपंचों और ग्रामीणों ने विरोध किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों से बातचीत की जाएगी। पत्थरकुचा गांव के सरपंच पति ददन सिंह धुर्वे ने बताया कि अपर नर्मदा परियोजना के तहत शासन ने इस क्षेत्र में किसी भी निर्माण कार्य पर रोक लगाई है। इस प्रतिबंध के कारण ग्राम पंचायतें भी इन क्षेत्रों में कोई विकास कार्य नहीं कर पा रही हैं। इसके बावजूद, जल निगम द्वारा नर्मदा किनारे इंटेकवेल का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को दस गांवों के सरपंचों के साथ ग्रामीणों ने करबेमट्ठा गांव पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि वे इस संबंध में कलेक्टर से भी बात करेंगे। 230 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण जल निगम के एसडीओ बालेंद्र मुद्गल ने बताया कि करंजिया जनपद के 165 गांवों में पानी की आपूर्ति के लिए लगभग 230 करोड़ रुपए की लागत से इंटेकवेल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि डिंडोरी और शहपुरा क्षेत्र के लिए भी जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाना है।


