सीधी जिले के बहरी बाजार में सोमवार शाम प्रशासन ने अतिक्रमण चिह्नित किए। प्रभारी तहसीलदार बहरी इंद्रभान सिंह और नायब तहसीलदार जेपी पांडे के नेतृत्व में आरआई, पटवारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों को हटाने का अभियान चलाया। लगभग एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान मौके पर 50 लोगों को समझाइश दी गई, जबकि 7 लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए 7 दिन का अंतिम अल्टीमेटम जारी किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो आगे बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं की होगी। लोगों ने किया विवाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र के लोग भारी संख्या में मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने विवाद की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास भी किया। थाना प्रभारी बहरी राजेश पांडे की सतर्कता और तहसीलदार की सूझबूझ से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।


