पैरा की आग में जिंदा जल गया बुजुर्ग:खेत में आग की लपटें देख पहुंचे ग्रामीण, वहां मिली जली हुई डेड-बॉडी, दो-दिन में दूसरी घटना

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में सोमवार सुबह एक खेत में रखे पैरा (भूसा) के ढेर के बीच से एक शव बरामद हुआ। खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। पैरा के बीच मानव शव दिखाई देने पर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि जला हुआ शव एक 95 साल के बुजुर्ग का है। यह मामला गंडई थाना के मानपुर नाका क्षेत्र का है। बतादें कि पैरा में जिंदा जलकर मौत की दो दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को बलौदाबाजार जिले में पराली की आग में एक महिला की जिंदा जल गई। बताया जा रहा है कि महिला धुएं की चपेट में आकर बेहोश हुई और खेत में गिर पड़ी। करीब 2 घंटे तक आग में जलती रही, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, मानपुर नाका क्षेत्र में सोमवार सुबह एक खेत में रखे पैरा (भूसा) के ढेर के भीतर जला हुआ शव मिला। खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। जांच के दौरान शव के पास मिली छड़ी और अन्य पहचान के आधार पर मृतक की पहचान दुर्जनराम वर्मा (95 वर्ष) के रूप में हुई है। वे मानपुर नाका क्षेत्र के धरसिया वर्मा के पुत्र थे। आग लगने की वजह अब तक साफ नहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्जनराम वर्मा अक्सर उसी खेत के आसपास रहते थे, जहां यह घटना हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी और बजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से जांच कर सबूत जुटाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसा, लापरवाही या किसी आपराधिक साजिश तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सभी एंगल से मामले की जांच जारी खैरागढ़ एडिशनल एसपी नितेश गौतम ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने पर ही आगे की जांच की जाएगी। ……………………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें पराली की आग में जिंदा जली महिला…VIDEO:बलौदाबाजार में चारा लेने गई थी, धुएं से बेहोश होकर खेत में गिरी, 2 घंटे तक जलती रही छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पराली की आग में एक महिला की जिंदा जल गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने खेत में चारा (पैरा) लेने गई थी। उसी समय आसपास के खेतों में पराली जलाई जा रही थी, जिससे पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया था। तेज धुएं के कारण महिला को सांस लेने में दिक्कत हुई। वह बेहोश होकर खेत में गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि उस समय खेत में कोई और मौजूद नहीं था। बेहोशी की हालत में वह खुद को बचा नहीं सकी। इसी दौरान तेज हवा चलने से पराली की आग अचानक फैल गई। खेत में बेहोश पड़ी महिला आग की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *