इस महीने सिंगरौली का AQI 160-190 रहा:सांस लेने के लिए हवा की क्वालिटी खराब, कलेक्टर ने बीते महीनों के आकड़े जारी करने कहा

सिंगरौली जिले में दिसंबर के महीने में हवा की क्वालिटी (AQI) ज्यादातर दिनों में सेहत के लिए खराब रही। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों की बैठक ली और इस पर नाराजगी जताते हुए कड़े निर्देश दिए। दिसंबर के आंकड़ों के मुताबिक, जिले का AQI कई दिनों तक 160 से 190 के बीच रहा, जो सेहत के लिए काफी नुकसानदायक है। इस दौरान हवा में धूल के बारीक कणों (PM2.5 और PM10) की मात्रा तय सीमा से काफी ज्यादा पाई गई। इससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए खतरा बढ़ गया है। कलेक्टर ने प्रदूषण कंट्रोल विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि वे हर जगह के पिछले महीनों के आंकड़े पेश करें। उन्होंने साफ कहा कि जब तक हवा की सही जानकारी नहीं होगी, तब तक प्रदूषण रोकने के उपाय ठीक से नहीं हो पाएंगे। बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड और शिकायतों के निपटारे पर जोर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिया कि कैंप लगाकर 70 साल से ज्यादा उम्र के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में लंबे समय से अटकी शिकायतों को दो दिन के भीतर सुलझाने के निर्देश दिए। खटारा बसों की जांच और सरकारी कामों में तेजी के आदेश इसके अलावा, कलेक्टर ने पीने के पानी की योजनाओं को समय पर पूरा करने, सड़कों पर दौड़ रही पुरानी और खटारा बसों की जांच करने और बोर्ड परीक्षा के नतीजों में सुधार लाने के लिए भी अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का फायदा हर हकदार व्यक्ति तक पूरी तरह पहुंचना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *