जबलपुर में 18 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कांचघर के पास की है। रामपुर निवासी युवक अपने दोस्तों से मिलने आया था, तभी अचानक कुछ लोग पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। भाई लोगों से मिलने आता-जाता था मृतक के भाई आकाश झारिया ने बताया कि 18 वर्षीय मोनू झारिया के कई दोस्त थे, जो कभी रामपुर भी आया करते थे। वहीं मोनू भी रोजाना उनसे मिलने के लिए कांचघर जाया करता था। सोमवार शाम करीब 7 बजे मोनू घर से निकला था, लेकिन रात करीब 10 बजे तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसे तलाश करने लगे। इसी दौरान सूचना मिली कि घमापुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या हो गई है, जिसका नाम मोनू झारिया बताया जा रहा है। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की। मृतक की मां सविता झारिया ने बताया कि उनका बेटा प्राइवेट काम करता था। शाम करीब 6 बजे मोनू घर आया और कुछ देर रुकने के बाद यह कहते हुए निकल गया कि थोड़ी देर में वापस आ रहा है। जब रात 10 बजे तक वह घर नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है, जिसका नाम मोनू झारिया बताया जा रहा है। मृतक की मां ने बताया कि प्लान के तहत हत्या की गई है। मोनू प्राइवेट जाॅब करने के साथ-साथ घर पर दुकान भी चलाया करता था। मृतक के छोटे भाई आकाश ने बताया कि इसके दोस्त एक गैंग चलाते थे। साथ में रहने वाले लोगों को मोनू भाई कहकर बुलाता था। आकाश ने बताया कि मोनू रोजाना रात करीब 8 बजे के बाद रामपुर से घमापुर जाकर दोस्तों और भाई जैसे साथियों से मिलने जाता था। संभवतः इन लोगों का एक ग्रुप था, जहां एक-दूसरे को भाई कहकर बुलाते थे। मोनू की हत्या किसने की, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन आशंका है कि उसी के साथ रहने वालों ने उस पर हमला किया है। एएसपी आयुष गुप्ता ने बताया- हत्या की जानकारी मिलते ही घमापुर सहित सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि क्षेत्र के ही रहने वालों ने हत्या की है। आरोपी अभी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।


