पंजाब के मोगा में पैदल जा रहे युवक को गाड़ी ने टक्कर मारी दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा बाघा पुराना कस्बे में हुआ। घटना शाम के समय की है, जब अमर सिंह काम से घर लौट रहा था। पैदल जा रहे अमर सिंह को गाड़ी ने टक्कर मार दी। एम्बुलेंस चालक लवप्रीत सिंह, जो कोट कपूरा से मोगा की ओर जा रहे थे, ने घायल अवस्था में सड़क पर पड़े अमर सिंह को देखा। उन्होंने तुरंत घायल को मोगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तराखंड के 34 वर्षीय अमर सिंह के रूप में हुई है, जो स्थानीय रिसॉर्ट में काम करता था। अमर सिंह बाघा पुराना में रह रहा था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है और वाहन चालक की तलाश में जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।


