वाराणसी में जापानी पर्यटकों से बदसलूकी, VIDEO:पेशाब करने की अफवाह पर गंगा स्नान से रोका, तो हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे

वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर जापान से आए पर्यटकों के साथ बदसलूकी की गई। दरअसल, जापानी पर्यटक गंगा में स्नान करने जा रहे थे। तभी किसी ने उनपर गंगा में पेशाब करने का आरोप लगाया। हालांकि इस आरोप का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें कुछ स्थानीय लोग जापानी पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। जापानी पर्यटक हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे, इसके बाद भी उन्हें अपमानित किया जाता रहा। वीडियो में जापानी पर्यटक शांत और डरे हुए नजर आ रहे हैं। जबकि भीड़ में मौजूद कुछ लोग ऊंची आवाज में बात करते हुए उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। ये भी कहा जा रहा है कि घाट पर सांता क्लॉज की टोपी पहनने के कारण लोग जापानी पर्यटकों पर गुस्सा हुए। इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला 25 दिसंबर का है। हालांकि वीडियो आज सामने आया है। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… 25 दिसंबर को जापानी पर्यटकों का एक समूह घाट पर आया था। वह सभी लोग गंगा स्नान की तैयारी कर रहे थे। उसमें शामिल एक लड़का और एक लड़की सांता क्लॉज की टोपी पहने हुए थे। कुछ स्थानीय लोगों ने टोपी पहनकर स्नान करने जाते समय उन्हें टोका। गंगा की पवित्रता का हवाला देते हुए स्नान करने से मना किया। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी किसी ने विदेशी पर्यटकों पर गंगा में पेशाब करने का आरोप लगा दिया। स्थानीय लोग उनपर गुस्सा हो गए। एक साथ कई लोग चिल्लाने लगे, तो विदेशी पर्यटक घबरा गए। सीढ़ी पर बैठकर हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। वीडियो वायरल होने पर सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सवाल उठा रहे हैं कि जिस देश में अतिथि देवो भव की परंपरा और संस्कृति की बात की जाती है, वहां विदेशी पर्यटकों के साथ ऐसा व्यवहार कैसे किया जा सकता है। कई यूजर्स ने इसे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया और कहा कि अगर किसी को कोई आपत्ति थी भी, तो उसे प्यार और शालीन तरीके से समझाया जा सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी प्रमाण के किसी मित्र देश के पर्यटकों पर इस तरह का आरोप लगाना और उनके साथ दुर्व्यवहार करना पूरी तरह गलत है। सपा ने लिखा- अतिथि देवो भवः
जापानी पयर्टकों के साथ हुई बदसलूकी के मामले पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने तंज किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “विश्व गुरु? अच्छे दिन? अतिथि देवो भवः?” वाराणसी पुलिस ने दिया जवाब
सोशल मीडिया पर डीसीपी काशी के एक्स से जवाब दिया गया कि प्रकरण में जापानी टूरिस्टों को अन्य दर्शनार्थियों द्वारा नहाने को लेके टोका गया। जिसके बाद टूरिस्टों द्वारा माफी मांग कर विवाद शांत किया गया। किसी भी प्रकार की मारपीट या हमला नहीं किया गया है। एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे मामले में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर गलतफहमी हो गई थी। जिसके चलते कुछ देर के लिए कहासुनी हुई। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर एक-दूसरे से माफी मांग ली और पूरा मामला वहीं शांत हो गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष ने थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जांच के दौरान यह सामने आया कि जिस मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था, उस पर दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से माफी मांगकर मामले को सुलझा लिया था। हालांकि किस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, यह बात सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही इसके पीछे का कारण भी सामने आ जाएगा। ————- यह खबर भी पढ़िए… बरेली में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम छात्रों को पीटा:लव जिहाद का आरोप लगाकर नर्सिंग स्टूडेंट के बर्थडे पार्टी में घुसे, VIDEO वायरल यूपी के बरेली में शनिवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक रेस्टोरेंट में जमकर बवाल किया। यहां एक नर्सिंग स्टूडेंट अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी सेलिब्रेट कर रही थी। ग्रुप में 6 लड़कियां और 4 लड़के थे। इनमें दो मुस्लिम स्टूडेंट थे। सेलिब्रेशन शुरू होने के कुछ देर बाद बजरंग दल के करीब 25 कार्यकर्ता रेस्टोरेंट में घुस गए। लव जिहाद का आरोप लगाते हुए दोनों मुस्लिम लड़कों को पीटना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम, जय भवानी और नम: पार्वती पतये हर हर महादेव के नारे लगाए। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *