लुधियाना| ग्रीन लैंड कॉनवेंट स्कूल, सेक्टर- 32 में पेरेंट्स टीचर मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘परीक्षा पर चर्चा’ पहल से प्रेरित होकर परीक्षा पर चर्चा विषय पर संवाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों, विद्यार्थियों और अध्यापकों ने भागीदारी करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। ये आयोजन विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त कर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। अभिभावकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही विद्यार्थी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन को लक्ष्य प्राप्ति का आधार बताते हुए कहा कि सकारात्मक सोच एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन से परीक्षा का भय दूर किया जा सकता है।


