जयपुर कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ में नई कार्यकारिणी:राकेश शर्मा बने निर्विरोध अध्यक्ष, विधानसभा स्पीकर देवनानी ने दिलाई शपथ

जयपुर कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर राकेश शर्मा पाराशर को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जिन्हें जिला कलेक्ट्रेट से जुड़े 56 कार्यालयों के 700 कर्मचारियों का समर्थन प्राप्त हुआ। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने की। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच भी इस अवसर पर मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगों को उचित मंच पर रखना चाहिए, लेकिन इससे काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को “देशहित में समय पर पूरा करेंगे काम, लेकिन अपने काम का लेंगे पूरा दाम” का मंत्र दिया। देवनानी ने जोर देकर कहा कि सफलता कर्म और भाग्य दोनों से जुड़ी है, लेकिन कर्म ही वह चाबी है जो मनुष्य के हाथ में है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे जनता के प्रति अपनी जवाबदेही को समझें और काम में किसी तरह की लंबित कार्यवाही न रखें। विशिष्ट अतिथि विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि ऊर्जावान अध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर के सभी कर्मचारी अधिक सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ काम करेंगे। सरकार उन कर्मचारियों की बदौलत चल रही है जिनके नाम के आगे कर्म आता है और पीछे आचार संहिता जुड़ी होती है। उन नियमों के अधीन ही वे काम करते हैं। विधायक शर्मा ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर को विधानसभा और सचिवालय के निकट अत्याधुनिक भवन में स्थानांतरित करने की आवश्यकता पर दिया। जहां आम लोगों के साथ दिव्यांगजन भी सुगमता से पहुंच सकें और अच्छे वातावरण में अपनी समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को अवगत करा सकें। वहीं, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि सत्ता और सियासत को पूजाने की सार्थकता कोई रखता है तो वह कर्मचारी ही है। उन्होंने कहा कि अगर मनुष्य के शरीर में हमारा जन्म हुआ है तो जन्मदाता हमसे अपेक्षा करता है कि इस सभ्यता को अनुकूलता प्रदान करने के लिए हम परिश्रम करें। इसमें कर्म की प्रधानता की व्यवस्था की गई है। ईश्वरीय सृष्टि में जिस कर्म की प्रधानता की बात कही है। आज उसी कर्म की प्रधानता को संपादित करने वाले मानवीय समूह को हम कर्मचारी कहते हैं। शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता कर रहे जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों से मिले प्रोत्साहन से कर्मचारी वर्ग में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने नई कार्यकारिणी के सदस्यों और कार्मिक साथियों से कहा कि हमारी कार्यशैली ऐसी रहे जिससे जो भी शिकायत या समस्या लेकर आएं, हम उनकी पूरी बात सम्मानपूर्वक, सहजता के साथ सुनें, इसी भावना के साथ काम करना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *