राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन के अभाव अभियोग समाधान के लिए त्रिस्तरीय जनसुनवाई के तहत दौसा में जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई की। जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को डीओआईटी केंद्र में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं संपर्क समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें आमजन की परिवेदनाओं को सुनकर, उनका त्वरित समाधान करवाया गया। जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों यथा सार्वजनिक रास्तों एवं चारागाह से अतिक्रमण हटाने संबंधी, छात्रवृत्ति, विद्युत कनेक्शन करवाने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलवाने तथा नगर परिषद से जुड़े परिवादों को सुनकर विभागीय अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए, त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 38 परिवाद प्राप्त हुए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सुमित्रा पारीक, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, उपखंड अधिकारी दौसा मूलचंद लूणिया, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार मीणा, एसई विद्युत, एसई पीडब्ल्यूडी सहित सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे एवं उपखंड स्तर से ब्लॉक अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।


