रांची नगर निगम की ओर से सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गरीबों के बीच ठंड से राहत के लिए कंबल बांटा गया। निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किया। उन्होंने कहा कि निगम सदैव समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहा है। कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 10 स्थलों पर आश्रय गृह संचालित किए जा रहे हैं, जहां जरूरतमंदों के लिए रात्रि विश्राम, गर्माहट एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की गई है। कंबल वितरण कार्यक्रम वर्तमान में जारी रहेगा।


