ईएसएल स्टील लिमिटेड ने किसान दिवस 2025 के अवसर पर अपने प्रमुख सीएसआर कार्यक्रम प्रोजेक्ट वाडी के तहत पारटांड़ में कॉमन रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया। यह पहल टिकाऊ कृषि और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस केंद्र का उद्घाटन ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी आनंद दुबे ने सीएसआर प्रमुख कुणाल दरिपा, सीएसआर टीम के फिलोमन बिलुंग एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक आदिवासी स्वागत से हुई। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने मॉडल फार्म का भ्रमण किया, जहां उन्हें उन्नत खेती से जुड़े तकनीक, नर्सरी मॉडल, आधुनिक कृषि तकनीक और सतत पौधरोपण पद्धतियों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन दिखाया गया। प्रोजेक्ट बाड़ी के माध्यम से ईएसएल स्टील लिमिटेड अपने परिचालन क्षेत्रों में किसानों को सशक्त बनाने और सतत ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कॉमन रिसोर्स सेंटर किसानों के लिए एक वन-स्टॉप कृषि सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां किसान प्रशिक्षण, आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रदर्शन, कृषि विस्तार सेवाएं, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव, विशेषज्ञ परामर्श तथा कृषि यंत्रों की सुविधा उपलब्ध होगी।


