लुधियाना| मॉडल ग्राम स्थित श्री राम भवन में भक्ति और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां श्री राम सेवक संघ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं इलाका निवासियों के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का सोमवार को शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर समूचा परिसर शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा। व्यासपीठ पर विराजमान आचार्य कमलेश शास्त्री का आयोजकों ने भावपूर्ण स्वागत किया। कथा का महात्म्य बताते हुए आचार्य ने कहा कि श्रीमद्भागवत साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का शब्दमय स्वरूप है। उन्होंने ओजस्वी वाणी में कहा कि कलियुग के अंधकार में भटकते जीव के लिए भागवत कथा मोक्षदायिनी संजीवनी है। इसके श्रवण मात्र से मनुष्य के भीतर भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का प्राकट्य होता है। यह दिव्य आयोजन 4 जनवरी तक निरंतर चलेगा। जिसमें प्रतिदिन दोपहर 3 से सायं 6 बजे तक अमृत वर्षा होगी। 5 जनवरी को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन होगा। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे


