लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों की सुरक्षा के लिए जिले भर में अलाव की व्यापक व्यवस्था की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर यह विशेष अभियान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लागू किया गया है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा खुले में रात बिताने वाले लोगों की बस्तियों में अलाव जलाए जा रहे हैं। सभी अंचल अधिकारियों तथा प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पहले से ही कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि लकड़ी एवं कोयले की किसी भी प्रकार की कमी न हो तथा मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त अलाव की व्यवस्था करें।


