जयपुर के कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर एक विशेष स्टार्टअप मीट का आयोजन किया गया। इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल और नारिका इनक्यूबेशन सेंटर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के 20 स्टार्टअप की 40 महिला उद्यमियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में इंटुएटिव पाव्स, रॉय ज्वैल्स, एस्ट्रो गाइड और चोको लक्स जैसे स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने अपने स्टार्टअप के लक्ष्य समूह, प्रतिस्पर्धी रणनीतियां, विशिष्ट बिक्री प्रस्ताव (यूएसपी), मूल्य निर्धारण रणनीति, निवेश योजना और भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत किया। युवा उद्यमी और स्टार्टअप सलाहकार प्रीत जैन ने विशेषज्ञ के रूप में छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने व्यवसाय के विस्तार, उत्पाद मानकीकरण और गुणवत्ता नियंत्रण पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही, फंडिंग के विभिन्न विकल्पों और मुख्यधारा में स्टार्टअप को स्थापित करने की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्टार्टअप उन्हें स्वयं का बॉस बनने का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी पहचान बना सकती हैं। इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका खुराना ने भी छात्राओं को सफल उद्यमी बनने की दिशा में प्रेरित किया और काउंसिल के उद्देश्यों से अवगत कराया।


