जयपुर में एयरट्री फाउंडेशन ने राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के अवसर पर संयुक्त अभिभावक संघ राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक जैन बिट्टू को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। अभिषेक जैन बिट्टू पिछले साढ़े तीन वर्षों से राजस्थान में स्कूली शिक्षा और अभिभावकों के अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं। उन्होंने शहीद स्मारक पर कड़ाके की सर्दी में 19 दिनों तक अनिश्चितकालीन धरना दिया। 31 जुलाई 2021 को फीस एक्ट 2016 की पालना की मांग को लेकर शिक्षा संकुल पर हुए प्रदर्शन के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा। एयरट्री फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनीष शर्मा ने कहा कि अभिषेक जैन बिट्टू और संयुक्त अभिभावक संघ का मुख्य उद्देश्य देश में समान शिक्षा व्यवस्था स्थापित करना और शिक्षा में व्यापक सुधार लाना है। फाउंडेशन इस मिशन का पूर्ण समर्थन करता है। इस अवसर पर शिक्षा के अलावा खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान देने वाले अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।


