कोटा के संजय नगर इलाके में न्यू मोटर मार्केट, डीसीएम रोड के अंदर खड़ी एक कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना देर रात करीब पौने 9 बजे की बताई जा रही है। कार के पीछे कचरे का ढेर लगा हुआ था, जिसमें पहले आग लगी और देखते ही देखते आग फैलते हुए पास खड़ी कार तक पहुंच गई। आग की लपटों ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम फायर कंट्रोल रूम को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर आग लगने की जानकारी दी। सूचना में बताया गया कि मौके पर कार के आसपास 7 से 8 अन्य वाहन भी खड़े हैं। इसके बाद फायर स्टेशन से तुरंत दमकल की गाड़ी मौके के लिए रवाना की गई। नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर कार के पास खड़े एक ट्रैक्टर के पहिए में भी आग लग चुकी थी। सबसे पहले दमकल कर्मियों ने ट्रैक्टर के पहिए में लगी आग को बुझाया, ताकि आग और न फैले, इसके बाद कार में लगी आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास खड़े अन्य 7-8 चार पहिया वाहन भी आग की चपेट में आ सकते थे और बड़ा नुकसान हो सकता था। कार आग में पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। घटना के समय मोटर मार्केट पूरी तरह बंद था और न तो कोई गैराज मालिक और न ही कार मालिक मौके पर मौजूद मिला।


