मंडला जिले में पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 5.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे जिले में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। यह इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। कान्हा नेशनल पार्क के कान्हा रेंज में पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। नदी और उसके आसपास के इलाकों में कोहरा अधिक घना था। हालांकि, पिछले दिन की तुलना में कोहरे की सघनता कुछ कम रही और सुबह करीब 8 बजे धूप निकलने के बाद कोहरा छंटने लगा। कान्हा नेशनल पार्क के अन्य क्षेत्रों में भी न्यूनतम तापमान कम रहा। भिलवानी में 6.4 डिग्री, किसली में 8 डिग्री, सूपखार में 7 डिग्री, मुक्की में 8.9 डिग्री और फेन अभ्यारण्य के बम्हनी मट्टा में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद, बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। जिले में दिसंबर के पहले सप्ताह से ही न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। सोमवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन भर चली हवाओं के कारण दिन में भी ठंड का अनुभव हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी राजस्थान के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 287 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। मध्य प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और आगामी चार दिनों में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि की संभावना है। जिले में पिछले कुछ दिनों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान इस प्रकार रहे हैं: 29 दिसंबर: न्यूनतम 05.8°C, अधिकतम 27.5°C 28 दिसंबर: न्यूनतम 06.0°C, अधिकतम 26.0°C 27 दिसंबर: न्यूनतम 07.0°C, अधिकतम 25.8°C 26 दिसंबर: न्यूनतम 08.5°C, अधिकतम 25.6°C 25 दिसंबर: न्यूनतम 09.2°C, अधिकतम 27.2°C 24 दिसंबर: न्यूनतम 09.0°C, अधिकतम 28.0°C 23 दिसंबर: न्यूनतम 08.6°C, अधिकतम 28.0°C 22 दिसंबर: न्यूनतम 08.2°C, अधिकतम 26.4°C 21 दिसंबर: न्यूनतम 07.5°C, अधिकतम 27.0°C


