संजय गांधी अस्पताल में 1200 आउटसोर्स कर्मचारी धरने पर:दो महीने से नहीं मिली सैलरी, इजायल कंपनी के खिलाफ आक्रोश

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बीते दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने आउटसोर्स एजेंसी इजायल कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द वेतन भुगतान की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी लगातार वेतन में देरी कर रही है। कभी मनमाने तरीके से कटौती की जाती है, तो कभी बिना कारण भुगतान रोका जाता है। आर्थिक संकट और रोजमर्रा की मुश्किलें
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो महीनों से वेतन पूरी तरह रुका हुआ है, जिससे गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई, किराया, बिजली-पानी के बिल और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना चुनौती बन गया है। 1200 कर्मचारी प्रभावित, वार्ड बॉय और सफाईकर्मी शामिल
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के मुताबिक करीब 1200 आउटसोर्स कर्मचारी प्रभावित हैं। इसमें वार्ड बॉय, सफाईकर्मी, सुरक्षा कर्मी और अन्य स्टाफ शामिल हैं। धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनका बकाया वेतन जल्द जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो काम ठप कर बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी और प्रशासन की होगी। कंपनी का जवाब- जल्द सैलरी दी जाएगी
कंपनी का कहना है कि कर्मचारियों की सैलरी जल्द ही खातों में आ जाएगी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि प्रशासन हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालेगा, ताकि उन्हें उनका हक मिल सके और कामकाज सामान्य हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *